गाजियाबाद
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गोड़ का थाना लोनी में औचक निरीक्षण
व्यवस्थाओं पर जताई नाराज़गी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : पुलिस कमिश्नर श्रीमान जे. रविंद्र गोड़ ने थाना लोनी का औचक निरीक्षण कर थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव, महिला सुरक्षा एवं निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ एसीपी लोनी सिद्धार्थ सिंह गौतम, थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण की शुरुआत पुलिस कमिश्नर ने थानाप्रभारी कार्यालय एवं मालखाने से की। उन्होंने अभिलेखों के सुरक्षित संधारण, समयबद्ध प्रविष्टियों तथा कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली की गहन जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मिशन शक्ति केंद्र में प्राप्त प्रार्थना पत्रों की निस्तारण स्थिति का भी अवलोकन किया गया। पुलिस कमिश्नर ने लंबित प्रार्थना पत्रों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित पुलिस कर्मियों को दिए।
पुलिस कमिश्नर ने अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही तथा थाना परिसर की साफ-सफाई को लेकर नाराज़गी व्यक्त की और व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण एवं स्वच्छ थाना परिसर पुलिस की कार्यकुशलता और जनता के विश्वास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्ध पूर्णता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात पुलिस कमिश्नर द्वारा थाने के शस्त्रागार का गहन निरीक्षण किया गया, जिसमें असलहों की साफ-सफाई, रख-रखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। साथ ही गार्ड फाइल, रजिस्टर-08, बीट सूचना रजिस्टर, ऑर्डर बुक, क्रियाशील अपराधियों की सूची तथा न्यायालय से संबंधित अभिलेखों का भी विस्तार से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के समापन पर पुलिस कमिश्नर ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठा, अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया।

