
लखनऊ । नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर लखनऊ में कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च किया, जहां पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में लिया। अजय राय ने भाजपा सरकार पर तानाशाही करने का आरोप लगाया है।
लखनऊ में बुधवार को कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने भाजपा के मुख्यालय की ओर कूच कर दिया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने सबको हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने कहा, पूरी तरह से तानाशाही है और पूरी तरह से दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हम इस अन्याय और नाइंसाफी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा सरकार सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके हमारे नेताओं का अपमान कर रही है।
भाजपा सरकार ईडी का गलत इस्तेमाल कर रही-अजय राय ने कहा, इतने दिनों से भाजपा सरकार ईडी का गलत इस्तेमाल कर रही थी। उसका नतीजा सामने आ गया है। न्यायालय ने इसे खारिज कर साबित कर दिया कि जो आरोप यह सरकार लगा रही थी, वह सब छवि धूमिल करने के लिए था। हमारे नेताओं की छवि पूरे देश-दुनिया के सामने बिल्कुल साफ होकर आई है। वह छवि पहले से स्थापित थी, अब उसे और भी ताकत मिली है।



