ललितपुर
प्राथमिक विद्यालय महेशपुरा में आयोजित हुई ग्राम पंचायत स्तरीय गोष्ठी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कृषि विभाग के तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय महेशपुरा परिसर में पंचायत स्तरीय गोष्ठी/किसान पाठशाला का सफल आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य रबी फसलों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि करने की दृष्टि से किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की सारगर्भित जानकारी देने के साथ ही गौ आधारित प्राकृतिक खेती हेतु प्रोत्साहित करना रहा। किसान पाठशाला के दौरान कृषि विभाग से तरूण जामकर (एडीओ) द्वारा किसानों को रबी फसलों के फसलवार प्रबंधन, संतुलित पोषण प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, हरी खाद, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। श्रुति मिश्रा द्वारा मृदा स्वास्थ्य सुधार, उन्नत कृषि संसाधनों के समुचित उपयोग, गौ आधारित प्राकृतिक खेती के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी उपलब्ध करायी गई। वहीं फसल बीमा योजना के संबंध में विवेक मिश्रा द्वारा किसानों को आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आरबीआई, नाबार्ड, पीएनबी व आरोह फाउंडेशन से एफ.सी. सोहिब खान द्वारा किसानों को विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं एवं योजनाओं से अवगत कराया गया। प्रगतिशील कृषक रमेश राजपूत द्वारा चने की खेती में उकसा रोग के निदान संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।