नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार देर रात बड़ा फेरबदल किया। शासन ने 7 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों तथा 22 प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में मुख्य रूप से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), विकास प्राधिकरणों और विभागीय पदों पर नई तैनातियां की गई हैं।
प्रमुख आईएएस तबादले:
प्रत्यूष पांडेय को देवरिया के सीडीओ से हटाकर विशेष सचिव, समन्वय विभाग नियुक्त किया गया है। राजेश कुमार सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव से देवरिया का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया है। अंकुर कौशिक को सुल्तानपुर के सीडीओ से उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (यूपीआरआरडीए) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। विनय कुमार सिंह का तबादला अन्य महत्वपूर्ण पद पर किया गया है। श्याम बहादुर सिंह को विशेष सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में तैनाती दी गई है। लक्ष्मी एन उपाध्याय को कानपुर देहात की सीडीओ से मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। विधान जायसवाल को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के परीक्षा नियंत्रक से कानपुर देहात का सीडीओ नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, 22 पीसीएस अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं, जिनमें अपर जिलाधिकारी, नगर निगम और अन्य प्रशासनिक पद शामिल हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल विकास कार्यों को गति देने और प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किया गया है। तबादला आदेश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए गए हैं।



