बेतुल
बैतूल विज्ञान और तकनीक के बिना विकास की कल्पना संभव नहीं: राजेंद्र यादव
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिरापाटला में विज्ञान मेले का आयोजन

अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों का किया उत्साहवर्धन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिरापाटला में सोमवार को विज्ञान प्रदर्शनी मेले का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं पर आधारित मॉडल बनाकर अपनी समझ और रचनात्मकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव सहित मंडल अध्यक्ष श्री राजेंद्र यादव, सरपंच रामपाल भलावी, मंडल उपाध्यक्ष सेकलाल यादव, राजकुमार वंशकार एवं राजेश यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रदर्शनी में एकीकृत एवं माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों ने विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़ते हुए मॉडल प्रस्तुत किए। जल प्रबंधन, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत, पर्यावरण संरक्षण, कृषि तकनीक एवं स्वच्छ भारत जैसे विषयों पर आधारित मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों से प्रश्न पूछकर उनके विषय ज्ञान की भी सराहना की। भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री राजेंद्र यादव ने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान और तकनीक के बिना विकास की कल्पना संभव नहीं है। विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार, तार्किक सोच और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को यदि समय रहते सही मार्गदर्शन मिले तो वे भविष्य के वैज्ञानिक और नवप्रवर्तक बन सकते हैं। प्रदर्शनी में हायर सेकेंडरी स्कूल केएल धुर्वे, ओमप्रकाश कडोपे, कमलेश कुमरे, किशोरी लाल उईके, आदित्य तिवारी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत पदाधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही। मंच का संचालन गणपत सिंग धुर्वे ने किया और आभार आरिफ खान ने व्यक्त किया।




