बागपत
डॉ. अभिनव तोमर ने गरीब बस्ती में पहुंचकर जरूरतमंदों को बांटे कंबल व गर्म कपड़े
मानवता की मिसाल बने बाल रोग विशेषज्ञ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। कड़ाके की ठंड में जब गरीब और असहाय परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी के साथ ठंड से बचाव भी एक बड़ी चुनौती बन जाता है, ऐसे समय में नवजात शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव तोमर ने मानवता और संवेदनशीलता की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की। डॉ. अभिनव तोमर स्वयं गरीब बस्ती में पहुंचे और वहां रहने वाले जरूरतमंद परिवारों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को कंबल व गर्म कपड़ों का वितरण किया।
इस दौरान सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब डॉ. अभिनव तोमर ने नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों को अपने हाथों से गर्म कपड़े पहनाए। ठंड से ठिठुरते मासूम चेहरों पर जब गर्माहट पहुंची तो उनकी मुस्कान ने पूरे माहौल को भावुक कर दिया। माताओं की आंखों में आंसू थे, लेकिन ये आंसू पीड़ा के नहीं बल्कि राहत और कृतज्ञता के थे।
डॉ. अभिनव तोमर ने कहा कि “एक चिकित्सक होने के नाते मेरा दायित्व केवल अस्पताल तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर उस बच्चे तक है जो ठंड, भूख और बीमारी से जूझ रहा है। जब तक समाज का अंतिम बच्चा सुरक्षित और स्वस्थ नहीं होगा, तब तक हमारी जिम्मेदारी अधूरी है।”
गरीब बस्ती के लोगों ने बताया कि भीषण ठंड में उनके पास न तो पर्याप्त कपड़े होते हैं और न ही साधन, ऐसे में डॉ. अभिनव तोमर का स्वयं आकर सहायता करना उनके लिए किसी देवदूत से कम नहीं है। कई महिलाओं ने भावुक होकर कहा कि “आज हमारे बच्चों को सर्दी से बचाने वाला कोई फरिश्ता बनकर आया है।”
स्थानीय लोगों ने डॉ. अभिनव तोमर की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि वे केवल एक नवजात शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ ही नहीं, बल्कि समाज के लिए एक संवेदनशील मार्गदर्शक भी हैं। उनका यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों को राहत देता है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देता है कि सच्ची सेवा वही है, जो बिना किसी प्रचार के, सीधे जरूरतमंद तक पहुंचे।
कार्यक्रम के अंत में बस्तीवासियों ने डॉ. अभिनव तोमर का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें दुआएं दीं और कहा कि ऐसे चिकित्सक समाज के लिए गर्व का विषय हैं।



