शामली

ग्राम पंचायत सचिव का सहायक कार्यालय पर ताला लगाकर फरार

निजी कर्मचारी द्वारा हस्ताक्षर करने का आरोप, जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। ग्राम गंगेरू के पंचायत सचिव अनिल कुमार पर सरकारी आदेशों की अनदेखी कर निजी कर्मचारी से पंचायत कार्य कराने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद ब्लॉक कार्यालय कॉलोनी स्थित पंचायत सचिवालय पर तैनात निजी सहायक पंकज कुमार कार्यालय पर ताला लगाकर फरार हो गया।आरोप है कि पंचायत सचिव की गैरमौजूदगी में निजी कर्मचारी न केवल सचिव की कुर्सी पर बैठकर कार्य कर रहा था, बल्कि उनके हस्ताक्षर कर सरकारी दस्तावेज भी जारी कर रहा था। गंगेरू निवासी इस्तखार पुत्र मोहम्मद यूनुस ने बताया कि परिवार रजिस्टर बनवाने के लिए संपर्क करने पर पंचायत सचिव ने उसे कार्यालय जाकर सहायक से मिलने और हस्ताक्षर कराने को कहा।पीड़ित का आरोप है कि निजी सहायक ने पंचायत सचिव के फर्जी हस्ताक्षर कर परिवार रजिस्टर की नकल जारी की। मामले से जुड़े फोटो और कॉल रिकॉर्डिंग भी होने की बात कही जा रही है। शनिवार को सहायक के फरार होने से परिवार रजिस्टर की नकल बनवाने आए ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यालय पर ताला लटका होने के कारण कई लोगों ने जिलाधिकारी को ट्वीट कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं पंचायत सचिव अनिल कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। विकासखंड अधिकारी गोपाल यादव का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, जांच टीम गठित कर कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button