बागपत
खेलों से निखरता है अनुशासन और आत्मविश्वास – ओमबीर सिंह तोमर
डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में वार्षिक खेल सम्मान समारोह धूमधाम से संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित वार्षिक खेल सम्मान समारोह हर्ष, उत्साह और तालियों की गूंज के बीच संपन्न हुआ। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा, जहाँ विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने खेल भावना और उपलब्धियों का सामूहिक उत्सव मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त एसआई एवं समाजसेवी ओमबीर सिंह तोमर तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य के.के. त्यागी ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत प्रस्तुति दी, जिसने समारोह को गरिमामय बना दिया।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर गर्व, खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। समारोह में विजेताओं के साथ-साथ प्रतिभागी विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया गया, जिससे खेल भावना को बढ़ावा मिला।
मुख्य अतिथि ओमबीर सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। खेलकूद बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल जीवन की चुनौतियों से जूझना सिखाते हैं और हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करने की सीख देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के.के. त्यागी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। खेलकूद बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, मानसिक मजबूती और शारीरिक स्फूर्ति पैदा करते हैं, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
समारोह के सफल आयोजन में वर्षा तोमर, हरेंद्र सिंह, राखी शर्मा, पीटीआई दीपक लशकरी, अमित जांगिड़, रीतू तोमर, राजकुमार शर्मा सहित समस्त शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।



