गाजियाबाद

लोनी नगर पालिका की लापरवाही उजागर

वार्ड 41 में 32 की जगह सिर्फ 10 सफाईकर्मी, गंदगी से बेहाल जनता, सभासद का अधिशासी अधिकारी पर सीधा हमला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : नगरपालिका परिषद लोनी की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वार्ड संख्या 41 के सभासद अंकुश जैन मिकू ने अधिशासी अधिकारी को कड़े शब्दों में पत्र लिखकर अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था की बदहाली पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की भारी कमी के कारण क्षेत्र में गंदगी का अंबार लग गया है और जनता नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।
सभासद के अनुसार जनसंख्या व मानकों के हिसाब से उनके वार्ड में कम से कम 32 सफाई कर्मचारियों की तैनाती होनी चाहिए, लेकिन वर्तमान में मात्र 10 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। इतने कम कर्मचारियों के भरोसे पूरे वार्ड की सफाई संभव नहीं है, जिसका नतीजा यह है कि नालियां कूड़े और कीचड़ से पट चुकी हैं, सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे हैं और बदबू से लोगों का जीना दूभर हो गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि नियमित सफाई न होने से क्षेत्र में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। मच्छरों की संख्या में इजाफा होने से डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, जिससे कॉलोनीवासियों की सेहत पर सीधा असर पड़ रहा है।
सभासद ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी कई वार्डों के प्रतिनिधि सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कार्यदायी संस्था और अधिशासी अधिकारी जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। उनका कहना है कि अधिशासी अधिकारी के वरदहस्त के चलते मानकों के अनुसार कर्मचारी वार्डों में दिखाई नहीं देते। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ सफाई कर्मचारियों को अधिकारियों और तहसील में तैनात अफसरों की आवभगत में लगा दिया गया है।
अंकुश जैन मिकू ने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द कर्मचारियों की संख्या नहीं बढ़ाई गई तो जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि शीघ्र अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाकर उनके  वार्ड को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
नगरपालिका की यह लापरवाही साफ दर्शाती है कि जिम्मेदार अधिकारी जनता की बुनियादी सुविधाओं को लेकर कितने गंभीर हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन कब जागता है या वार्ड 41 के लोग यूं ही गंदगी में जीने को मजबूर रहेगे ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button