शामली
भडी–लक्ष्मीपुरा रोड पर फिर पलटा ओवरलोड गन्ना ट्रक, प्रशासन बेखबर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। भडी क्षेत्र में लक्ष्मीपुरा रोड स्थित गैस एजेंसी वाले मोड़ पर सोमवार रात गन्ने से ओवरलोड ट्रक पलट गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह वही स्थान है जहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासनिक सख्ती न होने से ग्रामीणों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
सोमवार देर रात खेमचंद के खेतों के पास स्थित मोड़ पर तेज रफ्तार और जरूरत से ज्यादा गन्ना लादे ट्रक ने संतुलन खो दिया और सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि उस समय सड़क पर कोई राहगीर या अन्य वाहन पास नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। इसी स्थान पर पहले भी दो बार गन्ने से भरे ट्रक पलट चुके हैं। उन हादसों में भडी टाउन फीडर के विद्युत पोल तक टूट गए थे, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।
पिछले दो महीनों में इस मोड़ पर तीन बार ओवरलोड ट्रकों के कारण हादसे हो चुके हैं। एक घटना में तो सड़क किनारे खड़ा एक ग्रामीण बाल-बाल बच गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि गन्ना ढुलाई के दौरान ट्रकों में तय सीमा से अधिक ऊंचाई और वजन तक गन्ना लाद दिया जाता है, जिससे मोड़ों पर वाहन असंतुलित हो जाते हैं।
विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने भी इन ओवरलोड ट्रकों को लेकर कई बार चौसाना पुलिस को शिकायत दी, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। उधर ऊन शुगर मिल के सहायक महाप्रबंधक संतोख सिंह सिद्धू ने गन्ना केंद्रों को सख्त चेतावनी दी है कि अधिक ऊंचाई तक गन्ना लादे ट्रकों को मिल परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके बावजूद सड़कों पर ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही जारी है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।


