गोड्डा
नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने किया नामांकन
गोड्डा से अध्यक्ष पद के लिए पांच और मगामा से 7 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा किया दाखिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत नाम निर्देशन के अंतिम दिन गोड्डा नगर परिषद और महागमा नगर पंचायत में अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों नें नामांकन पत्र दाखिल किया। जिला निर्वाची पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोड्डा नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कुल 5 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। जिसमें विशाल कुमार मंडल, अनिल साह, सोनी परवीन, मोहम्मद मुस्तकीम, विशेश्वर पंडित नें नामांकन किया। इधर, महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 07 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। नामांकन करने वाले अभ्यर्थियों में चुन्नू कुमार मड़ैया, मेरी किरण टुडू, मनोहर मरांडी, जितेंद्र हेंब्रम, दुर्गा सोरेन दो सेट में, प्रबोध सोरेन तथा सुरज बेसरा हैं। सभी अभ्यर्थी महागामा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के निवासी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित किए गए। नामांकन केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। नामांकन के दौरान निर्वाचन कार्यालय द्वारा अभ्यर्थियों के कागजातों की प्रारंभिक जांच की गई। निर्धारित तिथि को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) की जाएगी, जिसके उपरांत अभ्यर्थियों को नाम वापस लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए अंतिम रूप से निर्वाचन मैदान में उतरे अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। साथ ही सभी अभ्यर्थियों एवं उनके समर्थकों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील की गई है। नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।



