शामली
विवाहिता ने पति सहित ससुराल पक्ष पर लगाया मारपीट का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत से विवाहिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव गढ़ी दौलत निवासी सलमाना पत्नी तसव्वर ने थाने पर दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार की सुबह उसके पति तसव्वर ने अपने भाई वसीम एवं अन्य परिजनों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि घरेलू विवाद के चलते उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता ने बताया कि मारपीट की सूचना उसने तत्काल डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों को समझा-बुझाकर चली गई। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने एक बार फिर पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने अपना चिकित्सकीय परीक्षण कराया और इसके पश्चात थाने पहुंचकर पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
