पाकुड़

पाकुड़ नगर परिषद चुनाव : वार्डों में बढ़ी सरगर्मी, अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत

Pakur Municipal Council Elections: Wards see increased activity, hints of a triangular contest for the post of president

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के मद्देनज़र पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। वार्ड स्तर पर समीकरण तेजी से बदल रहे हैं और संभावित मुकाबलों को लेकर स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।
वार्डों में दिलचस्प मुकाबला
वार्ड संख्या-4 में तीन प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर देखी जा रही है, जिसमें एक उम्मीदवार को लेकर खास चर्चा है। वहीं वार्ड संख्या-5 में सात प्रत्याशियों के मैदान में होने के बावजूद एक उम्मीदवार की दावेदारी अपेक्षाकृत मजबूत मानी जा रही है। इसके अलावे वार्ड संख्या-1 और वार्ड संख्या-13 में भी चुनावी रुझान एक स्पष्ट दिशा की ओर संकेत कर रहे हैं।
हालांकि आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण खुलकर चुनावी गतिविधियां सीमित हैं, जिससे सटीक आकलन करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर संभावित जीत-हार को लेकर कयासों का दौर जारी है।
अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले की आहट
नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। शुरुआती दौर में दो प्रत्याशियों की दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी, लेकिन हालिया राजनीतिक गतिविधियों के बीच एक तीसरे उम्मीदवार का नाम भी तेजी से उभरकर सामने आया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना प्रबल हो गई है।
जनता की भूमिका निर्णायक
चुनाव की तिथि 23 फरवरी 2026 नजदीक आने के साथ ही माहौल में निरंतर बदलाव महसूस किया जा रहा है। विभिन्न प्रत्याशियों द्वारा बड़े नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारा गया है, लेकिन अंतिम निर्णय मतदाताओं के हाथ में है।
विशेषज्ञों और जागरूक नागरिकों का मानना है कि मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करते समय जनहित, पारदर्शिता और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। अब देखना यह है कि पाकुड़ नगर परिषद की जनता किसे अपना नेतृत्व सौंपती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button