
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाबूगढ़ थाना पुलिस की सघन चेकिंग, 5 बुलेट और 1 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एमवी एक्ट में सीज
हापुड – जनपद हापुड़ में सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन पटाखा” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में थाना बाबूगढ़ पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया और नियमों का उल्लंघन करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।
पुलिस के अनुसार कुछ युवक अपनी बुलेट और अन्य मोटरसाइकिलों के साइलेंसर में बदलाव कर उन्हें इस तरह इस्तेमाल कर रहे थे कि उनसे पटाखे जैसी तेज आवाज निकलती थी। इससे न केवल ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार इस तरह की आवाज से हादसे की आशंका भी बढ़ जाती है।
अभियान के दौरान थाना बाबूगढ़ पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग की। इस दौरान पटाखा छोड़ने वाले साइलेंसर लगी कुल 5 बुलेट मोटरसाइकिल और एक स्प्लेंडर बाइक को चिन्हित कर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज की कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और बिना अनुमति वाहन में किसी प्रकार का अवैध बदलाव न करने की सख्त हिदायत भी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन पटाखा” अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और सड़कों पर शांति व सुरक्षा बनाए रखना है। आने वाले दिनों में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में इस तरह की बाइक या शोरगुल करने वाले वाहन दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और व्यवस्था को सुचारु रखा जा सके।



