सिंगरौली

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, पीड़ित महिला ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 सिंगरौली। जिले के ग्राम कटोली में जमीन विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट पीड़ित महिला मंगलवार को एक बार फिर एसपी कार्यालय पहुंची और निष्पक्ष जांच की मांग की।
पीड़िता लीलामती शाह के अनुसार, गांव में उनकी पुश्तैनी जमीन पर कुछ लोग जबरन मकान निर्माण कर रहे थे। 1 फरवरी को जब वह अपने बेटों दीपक और सोनू के साथ मौके पर पहुंचीं और निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया, तो दूसरे पक्ष के संतोष शाह, प्रद्युम्न, छोटेलाल, लखपति और यशोदा शाह ने उन पर हमला कर दिया। महिला का आरोप है कि हमलावरों ने टांगी, फावड़ा, डंडा और पत्थरों से हमला किया, जिससे उनके सिर, नाक और हाथ में गंभीर चोटें आईं। इस हमले में उनके दोनों बेटे भी घायल हुए हैं।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने खुटार पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन रिपोर्ट सही तरीके से दर्ज नहीं की गई। उनका आरोप है कि शिकायत में घटना की पूरी सच्चाई नहीं लिखी गई, जिससे आरोपियों को फायदा मिल रहा है।
महिला ने यह भी बताया कि 2 फरवरी को कोर्ट से स्टे आदेश
मिलने के बावजूद दबंगों द्वारा जमीन पर निर्माण कार्य जारी रखा गया है। उन्होंने मामले की दोबारा और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button