हजारीबाग
बिरहोर टोला पगार में 117 बिरहोर परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग जिले के पगार गांव स्थित बिरहोर टोला में निवास कर रहे बिरहोर समुदाय के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में कुल 117 बिरहोर परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में एनटीपीसी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केरेडारी की चिकित्सक टीम द्वारा प्रत्येक व्यक्ति का ब्लड सैंपल लिया गया तथा एक्स-रे जांच की गई। स्वास्थ्य जांच के पश्चात आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया तथा पोषण पूर्ति के उद्देश्य से अंडा एवं गुड़ भी प्रदान किया गया। विदित हो कि पगार बिरहोर टोला के निकट चट्टी बरियातू कोल खनन परियोजना संचालित है। इस परियोजना से बिरहोर समुदाय के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके मद्देनजर उपायुक्त हजारीबाग द्वारा संवेदनशीलता के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच, बेहतर उपचार, पौष्टिक भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु एनटीपीसी एवं प्रखंड प्रशासन को निर्देशित किया जाता रहा है। प्रशासन द्वारा बिरहोर के निवास स्थल पर स्वास्थ्य, भोजन, पेयजल, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। शिविर के दौरान अंचल अधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल, मुखिया झरी लाल महतो, पंचायत सचिव शिव कुमार, डॉ. विनय कुमार, शिक्षक अजय कुमार दुबे, महेंद्र रजक सहित स्वास्थ्य जांच टीम एवं बिरहोर समुदाय के सभी सदस्य उपस्थित थे।



