कानपुर
ऊर्जा धाम फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में सात दिवसीय महामृत्युंजय अनुष्ठान से वातावरण हुआ आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : ऊर्जा धाम फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आशीष गुरु के सान्निध्य में आयोजित सात दिवसीय महामृत्युंजय अनुष्ठान अपने आध्यात्मिक प्रभाव से जनमानस को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। यह अनुष्ठान बुधवार तक निरंतर वैदिक मंत्रोच्चार,जाप,हवन एवं साधना के साथ संपन्न हुआ। अनुष्ठान स्थल पर प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो जाता है। वैदिक आचार्यों द्वारा विधिवत पूजन, रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय मंत्र की हजारों आवृत्तियाँ की जा रही हैं। यज्ञ वेदी पर दी जा रही प्रत्येक आहुति के साथ राष्ट्र की प्रगति, समाज की शांति और विश्व कल्याण की प्रार्थना की जा रही है। गुरु जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महामृत्युंजय मंत्र केवल रोग नाश का मंत्र नहीं, बल्कि यह भय,अस्थिरता और नकारात्मकता से मुक्ति का भी मार्ग है। जब सामूहिक रूप से मंत्र शक्ति का संचार होता है, तब उसका प्रभाव व्यापक स्तर पर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक एकता ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। अनुष्ठान में विशेष रूप से “सनातन धर्म जागरण एवं राष्ट्र उत्थान” का संकल्प लिया गया है। आयोजकों का मानना है कि आध्यात्मिक साधना से सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों का संवर्धन होता है,जो देश की उन्नति में सहायक सिद्ध होता है। कार्यक्रम के अंतर्गत साधकों के लिए ध्यान सत्र,ऊर्जा संवर्धन क्रियाएं एवं व्यक्तिगत आध्यात्मिक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से यह भी बताया गया कि आने वाले समय में इसी प्रकार के जनकल्याणकारी अनुष्ठानों का आयोजन विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा,जिससे अधिक से अधिक लोग आध्यात्मिक चेतना से जुड़ सकें। समापन दिवस पर विशेष पूर्णाहुति यज्ञ का आयोजन किया जाएगा,ट्रस्ट ने समस्त नागरिकों से इस पावन अनुष्ठान में सहभागी बनकर राष्ट्र,धर्म और मानवता के कल्याण हेतु अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।



