गाजियाबाद

जातिसूचक टिप्पणी, मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप 

पीड़िता ने पड़ोस की महिला समेत तीन लोगों पर लगाए  आरोप, एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी। थाना क्षेत्र की महल कॉलोनी, गली नंबर-4, बंथला निवासी संगीता पत्नी सोमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में पड़ोस में रहने वाली महिला समेत तीन लोगों पर जातिसूचक एवं अपमानजनक टिप्पणी करने, मारपीट, जान से मारने की धमकी और गंभीर अभद्रता के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने लोनी थाने में अपना शिकायती प्रार्थना पत्र देकर इस मामले में एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत कर्ता संगीता ने बताया कि वह अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित है। उसके अनुसार, 22 सितंबर को करीब दो बजे वह गली की दुकान से कपड़े धोने का साबुन लेकर घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसकी पड़ोसन पुष्पा पत्नी मयाराम ठाकुर ने उसे रोककर उसकी जाति को लेकर कथित रूप से अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर महिला डंडा लेकर उसके पीछे दौड़ी और डंडा फेंककर उस पर हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के मुताबिक, उसी दिन रात करीब आठ बजे पुष्पा के बेटे जसवीर और उसकी पत्नी निशा ने भी उसके साथ मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उसके साथ अभद्रता की गई, कपड़े फाड़े गए और गला दबाने का प्रयास किया गया। पीड़िता का कहना है कि हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल जाना पड़ा। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी छोटी बच्चियों के साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए।
संगीता ने शिकायत में दावा किया है कि पूरी घटना गली में लोगों के सामने हुई। उसके अनुसार, घटना के समय पिंकी पत्नी आशीष, कमलेश पत्नी प्रमोद, सुनीता पत्नी महेश, सत्यम पुत्र अनिल समेत कई अन्य लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने, मेडिकल परीक्षण कराने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आने की बात भी कही जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किए जाने अथवा आरोपों की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई थी। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button