बेतुल

बैतूल पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी पर महिला के साथ मारपीट-गालीगलौज के आरोप, एसपी से शिकायत

लगातार शिकायतों से घिरे चौकी प्रभारी, जिले से बाहर ट्रांसफर की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी के खिलाफ लगातार गंभीर आरोप लगते जा रहे हैं। गुरुवार को एक मामला और सामने आया जिसमें शोभापुर कॉलोनी निवासी महिला कविता विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि चौकी प्रभारी, आरक्षक और हवलदार बार-बार रात के 12 बजे के बाद उसके घर में घुसकर गालीगलौज और मारपीट करते हैं। विरोध करने पर धमकी दी जाती है कि अगर भाई अजय विश्वकर्मा का पता नहीं बताया तो उसे और उसकी अंधी मां को झूठे केस में फंसा दिया जाएगा।
कविता ने बताया कि 15 से 18 अगस्त की रातों में लगातार चौकी प्रभारी और उनका स्टाफ घर में घुसे और प्रताड़ित किया। जन्माष्टमी की रात तो शराब के नशे में अधिकारी दरवाजा तोड़ने पहुंचे और बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की। उन्होंने धमकी दी कि पूरे परिवार को जेल में सड़वा देंगे और जीना हराम कर देंगे।
महिला ने आरोप लगाया कि 27 अगस्त की रात उसका भाई अजय विश्वकर्मा मुलताई चिखलीकला से जबरन पकड़ा गया। आधे रास्ते में उसे बेरहमी से पीटा गया और चौकी पाथाखेड़ा लाकर फिर मारपीट की गई। अभी तक उसे चौकी में ही बंद रखा गया है, न तो खाने-पीने को दिया जा रहा है और न ही परिजनों से मिलने दिया जा रहा। महिला ने आशंका जताई कि अधिकारी उसके भाई के साथ किसी अनहोनी को अंजाम दे सकते हैं।
कविता ने एसपी से गुहार लगाई है कि चौकी परिसर के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखे जाएं ताकि न्यायालय में प्रमाण के तौर पर पेश हो सकें। उसने कहा कि चौकी प्रभारी के कार्यकाल में गुंडों को संरक्षण मिल रहा है और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। आम नागरिक भी दहशत में हैं। इसी माह 5 से 6 शिकायतें इन अधिकारियों के खिलाफ दर्ज कराई जा चुकी हैं।
महिला ने मांग की है कि चौकी प्रभारी, आरक्षक और हवलदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें बैतूल जिले से बाहर ट्रांसफर किया जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button