गोड्डा
फाइलेरिया उन्मूलन के लिए रात्रि चौपाल का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा, गोड्डा। महागामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से महागामा के उप स्वास्थ्य केंद्र नारायणी के ग्राम गढ़ी में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने जानकारी में बताया कि एमडीए / आईडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन/इवरमेक्टिन, डाइएथिलकार्बामाज़ीन, और एल्बेंडाजोल) कार्यक्रम के अंतर्गत एक रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महागामा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर खालिद अंजुम के निर्देशन में किया गया। चौपाल में प्रोजेक्टर के माध्यम से ग्रामीणों को फाइलेरिया रोग, इसके उपचार, और बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, फाइलेरिया रोधी दवाओं (इवरमेक्टिन, डी ई सी, और एल्बेंडाजोल) के संभावित प्रतिकूल प्रभावों पर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से यह सलाह दी गई कि गर्भवती महिलाओं, एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को ये दवाइयाँ नहीं दी जानी चाहिए। उल्लेखनीय है कि एमडीए/आईडीए कार्यक्रम का शुभारंभ 10 अगस्त से होने जा रहा है, जो 25 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक गांव में सहिया, सेविका, और पोषण सखी द्वारा घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को इवरमेक्टिन, डीईसी और एल्बेंडाजोल दवाइयां वितरित की जाएंगी। यह कार्यक्रम फाइलेरिया रोग के प्रसार को रोकने और इसके उन्मूलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अवसर पर एमटीएस शाहीन परवेज, सीआई बृजनयन कुंवर, एमपीडब्ल्यू सादिक अख्तर, अब्दुल हक, डब्लु एच ओ ई एम सरफराज अहमद, सेविका, सहिया, पोषण सखी, और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




