गोड्डा
गोड्डा जिले में चला सफाई अभियान, पुलिस अधिकारियों ने किया श्रमदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार रविवार को गोड्डा जिला के विभिन्न थाना व पुलिस प्रतिष्ठानों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम के तहत जिले भर के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने श्रमदान कर अपने-अपने कार्यस्थलों एवं आवासन परिसरों की साफ-सफाई की। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देना तथा पुलिस विभाग के भीतर स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना था। कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (हेडक्वाटर) जेपीएन चौधरी स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने न केवल श्रमदान किया, बल्कि अन्य कर्मियों को भी स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। डीएसपी चौधरी ने कहा, “स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं है, यह हमारी दिनचर्या का हिस्सा बननी चाहिए। साफ-सुथरा वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि कार्यस्थल पर सकारात्मक ऊर्जा भी लाता है।” स्वच्छता कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने थाना परिसरों, कार्यालय कक्षों, आवासन परिसर तथा आस-पास के इलाकों की साफ-सफाई की। इस पहल से स्थानीय लोगों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। गोड्डा पुलिस की यह पहल समाज को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। वहीं पथरगामा थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने भी अपने पुलिसकर्मियों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया तथा थाना परिसर की साफ सफाई की।




