दिल्ली में वायु गुणवत्ता संतोषजनक, मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
दिल्ली : बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गयी और मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश, ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं। शहर में आज न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता 99 दर्ज की गयी जो संतोषजनक श्रेणी में आती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।



