बरेली
विवाहिता ने हिस्ट्रीशीटर पर लगाए दुष्कर्म समेत कई गंभीर आरोप, एसएसपी से मांगी सुरक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बारादरी क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपने ससुर और उसके साथियों पर दुष्कर्म, मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न, धमकी देकर समझौता कराने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंची। उसने वहां शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की। महिला ने बताया कि उसका ससुर हिस्ट्रीशीटर है। आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही ससुर लगातार उसका शोषण करता आ रहा है। जब पीड़िता ने विरोध किया तो परिवार के सदस्यों को डरा धमकाकर जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए और उसके विरुद्ध झूठे मामले दर्ज करा दिए गए।
महिला का आरोप है कि उसने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन साजिश के तहत उसके भाई को अगवा कर धमकाया गया, जिससे दबाव में आकर समझौता कराया गया। इसके बाद थाना कोतवाली और थाना बारादरी में एक के बाद एक झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर उसे और उसके परिवार को परेशान किया जा रहा है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि ससुर पर अवैध हथियार, फर्जी लाइसेंस, जमीन हड़पने और संगठित अपराधियों से संबंध जैसे गंभीर आरोप हैं। उसका कहना है कि ससुराल पक्ष द्वारा घर में प्रवेश और पति से मिलने तक से रोका जा रहा है, जिससे उसकी जान को खतरा बना हुआ है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच कराने की बात कही है।



