पाकुड़

लिट्टीपाड़ा में खुलेआम फल-फूल रहा अवैध लॉटरी कारोबार, युवाओं का भविष्य अंधकार में

Illegal lottery business is thriving openly in Littipada, leaving the youth's future in jeopardy.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों अवैध लॉटरी कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। चौक-चौराहों, सड़क किनारे, चाय दुकानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम लॉटरी टिकटों की बिक्री की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस अवैध धंधे की चपेट में बड़ी संख्या में युवा वर्ग, विशेषकर युवक, तेजी से आते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से लेकर शाम तक मॉर्निंग और ईवनिंग लॉटरी के नाम पर धड़ल्ले से टिकट बेचे जा रहे हैं। कई युवा रोजगार की तलाश छोड़कर आसान कमाई के लालच में अपनी मेहनत की कमाई इस जुए में झोंक रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लॉटरी कारोबारियों द्वारा बिना किसी भय के सार्वजनिक रूप से टिकट बेचे जा रहे हैं। कई स्थानों पर एक ही व्यक्ति के पास बड़ी संख्या में लॉटरी टिकट देखे गए हैं, जो इस अवैध कारोबार की गहराई और संगठित रूप को दर्शाता है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि लॉटरी की लत के कारण कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। युवा वर्ग पढ़ाई, रोजगार और कौशल विकास से भटककर जुए की ओर आकर्षित हो रहा है, जिसका समाज पर गंभीर और नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सब कुछ खुलेआम होने के बावजूद संबंधित विभाग मौन साधे हुए हैं, जिससे लॉटरी कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लिट्टीपाड़ा प्रखंड में अवैध लॉटरी कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई हो तथा युवाओं को इस जुए की लत से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गये, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है, जिसका खामियाजा पूरे समाज को भुगतना पड़ेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button