अमरोहा
अमरोहा में तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ वकीलों का धरना
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कर्मचारियों की लापरवाही पर जताया रोष

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हसनपुर : तहसील बार एसोसिएशन ने मंगलवार को तहसील और चकबंदी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में धरना दिया। धरना सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा ने भी इस धरने को समर्थन दिया।अधिवक्ताओं ने तहसील के चकबंदी और राजस्व न्यायालयों में फैले भ्रष्टाचार की निंदा की। उन्होंने कर्मचारियों की लापरवाही पर रोष व्यक्त किया। बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री, राजस्व परिषद, मंडल आयुक्त, जिलाधिकारी और राजस्व मंत्री को ज्ञापन भेजा।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्र सैन अग्रवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने नायब तहसीलदार के व्यवहार को अपमानजनक बताया। महासचिव मदन कुमार ने चकबंदी के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।पूर्व अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी ने एसडीएम से एसीओ चकबंदी के पेशकार अक्षय पंवार से वादकारियों के पैसे वापस दिलाने की मांग की। एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी ने धरना स्थल पर पहुंचकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।धरने की अध्यक्षता चंद्र सैन अग्रवाल ने की। मुजाहिद चौधरी और मदन कुमार खड़गवंशी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान गंगा सरन खड़गवंशी, महीपाल सिंह, वीर सिंह, शिवचरन सिंह समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।



