मैनपुरी
मैनपुरी प्रेस क्लब का चुनाव अर्पित चतुर्वेदी अध्यक्ष, अतुल सक्सेना सचिव बने।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मैनपुरी – पत्रकारिता जगत के महत्वपूर्ण संगठन, प्रेस क्लब मैनपुरी का बहुप्रतीक्षित चुनाव रविवार को संपन्न हो गया है। इस चुनाव में पत्रकारों ने अपने नए नेतृत्व का चयन किया। जिसमें अर्पित चतुर्वेदी ने अध्यक्ष पद पर और अतुल सक्सेना ने सचिव पद पर शानदार जीत दर्ज की।
चुनाव समिति के अध्यक्ष एडवोकेट संजय त्रिवेदी के मार्गदर्शन में, वरिष्ठ पत्रकार सुबोध मिश्रा, प्रमोद झा, अजय किशोर, सिराज हुसैन तथा अन्य सदस्यों ने पूरी चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। मतदान पुलिस लाइन रोड स्थित एस.जे. गार्डन में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से मतगणना शुरू हुई और परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अर्पित चतुर्वेदी ने धमाकेदार जीत हासिल करते हुए कुल 163 मत प्राप्त किए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतेंद्र तिवारी को मात्र 18 मतों से संतोष करना पड़ा। वहीं सचिव पद के लिए हुए मुकाबले में अतुल सक्सेना ने अपने प्रतिद्वंद्वी आफाक अली खान को बड़े अंतर से हराया। अतुल सक्सेना को 134 मत मिले, जबकि आफाक अली खान के पक्ष में 42 मत पड़े।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अर्पित चतुर्वेदी एवं नवनिर्वाचित सचिव अतुल सक्सेना ने चुनाव परिणाम के बाद सभी पत्रकार साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और यह प्रतिबद्धता जताई कि वह प्रेस क्लब को सशक्त बनाने और पत्रकार हितों को सर्वोपरि रखने के लिए एक सक्रिय मंच के रूप में विकसित करेंगे। चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद से ही स्थानीय पत्रकारों में हर्ष और उत्साह का माहौल बना हुआ है।




