गोड्डा
डीसी ने सुंदरपहाड़ी के विद्यालय एवं अन्य स्थानों का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : उपायुक्त अंजली यादव के द्वारा सुंदरपहाड़ी प्रखंड अंतर्गत कल्याण विभाग द्वारा संचालित एकलव्य मॉडल प्लस टू बालिका आवासीय विद्यालय तसरिया, स्टेडियम हेतु भूमि का निरीक्षण, सुंदर पहाड़ी प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण, आम उत्सव बागवानी मेला का उद्घाटन, सुंदर पहाड़ी झारखंड राज्य निगम गोदाम का निरीक्षण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) सुंदर पहाड़ी का निरीक्षण एवं कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय सुंदर पहाड़ी का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान एकलव्य मॉडल प्लस टू बालिका आवासीय विद्यालय तसरिया सुंदरपहाड़ी में उन्होंने प्राचार्य के साथ स्कूल परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित विद्यार्थियों की समस्याएं सुनी। विद्यार्थियों ने उपायुक्त को बताया कि उन्हें विद्यालय में मेनू के अनुसार खाना, नाश्ता एवं पठन-पाठन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उनके द्वारा छात्रावास में उपलब्ध सामग्री, कक्षाओं में फर्नीचर, प्रयोगशाला में आवश्यक उपकरण, छात्रावास में पेयजल, शौचालय एवं विद्युत आपूर्ति की जांच की गई।भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुंदरपहाड़ी प्रखंड कार्यालय में चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर में आम उत्सव बागवानी मेला का उद्घाटन किया गया।
भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित सिविल सर्जन, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मियों से ओपीडी, प्रसव कक्ष, डॉक्टर कक्ष, जांच घर, स्वास्थ्य उपकरणों की स्थिति, दवा की उपलब्धता, स्वास्थ्य केंद्र भवन की स्थिति, रात्रीकालीन ड्यूटी के अनुपालन, एएनएम की संख्या एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मानव संसाधन का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करते हुए, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान की जाए। उन्होंने प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, प्रसव दर, अस्पताल में भर्ती हुए मरीजों की जानकारी लेकर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने की बात कही।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त के द्वारा कस्तूरबा विद्यालय परिसर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध संसाधनों की पृथक जानकारी विद्यालय के प्राचार्य/वार्डन से प्राप्त किया गया। उपायुक्त के द्वारा विद्यालय में अलग-अलग कक्षा के अलावा साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, आईसीटी लैब, पुस्तकालय, भोजनालय एवं विद्यालय में तैयार हुए भोजन की गुणवत्ता आदि का गहन जायजा लेते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रबंधन को निदेशित किया गया। इसी क्रम में उपायुक्त के द्वारा पुस्तकालय में व्यवस्थित तरीके से पुस्तकों को रखने तथा उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी को समेकित रुप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया, साथ ही सभी कक्ष का नामांकरण पट्टिका सुनिश्चित करने तथा भोजन तैयार कर रही सहायिकाओं को विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु भी निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के द्वारा अलग-अलग कक्षाओं में अध्यनरत छात्राओं से विषयगत वार्तालाप कर विज्ञान से संबंधित जानकारी को साझा किया गया।
वहीं सभी अधिकारियों ने बच्चों के लिए तैयार किए गए भोजन को खाकर भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की जांच की। गुणवत्ता में सुधार के लिए निर्देश दिए गए कि अधिक पौष्टिक चीजें जैसे मोरिंगा, पत्तेदार सब्जियां, परिसर में अधिक फलदार पौधे लगाए जाएं। मौके पर उपविकास आयुक्त, स्मिता टोप्पो, सिविल सर्जन अनंत कुमार झा, अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा, बैद्यनाथ उरांव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता श्रवण राम, जिला योजना पदाधिकारी फैजान सरवर, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुंदर पहाड़ी मोनिका बास्की, डीएमएफटी के टीम लीड अनिक कुमार सिंह, डीएमएफटी के प्रोजेक्ट ऑफिसर प्रणव कुमार, डीएमएफटी के सिविल इंजीनियर अब्दुल्लाह सहित प्रखंड कार्यालय के कर्मीगण मौजूद थे।




