बागपत

सर्वखाप चौधरियों की हुंकार: कुरूतियों से मुक्त होगा समाज

 शिक्षाविद उमेश शर्मा को ब्राह्मण समाज सर्वखाप खेकड़ा 360 की पगड़ी पहनाकर सौपी जिम्मेदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खेकड़ा/बागपत : खेकड़ा कस्बे में आयोजित सर्वखाप सम्मान समारोह सामाजिक चेतना और एकता का सशक्त मंच बनकर उभरा। विभिन्न खापों के चौधरियों ने एकजुट होकर समाज में व्याप्त कुरीतियों पर गंभीर मंथन किया और नशा, दहेज प्रथा, ब्रह्मभोज, दिखावे व फिजूलखर्ची जैसी बुराइयों को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया।
रविवार को हुए इस भव्य आयोजन में खेकड़ा क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के जनपदों से सर्वखाप चौधरियों का जमावड़ा लगा रहा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षाविद उमेश शर्मा को ब्राह्मण समाज सर्वखाप खेकड़ा 360 का चौधरी घोषित करते हुए विधिवत पगड़ी पहनाई गई। साथ ही राजेश शर्मा, ब्रजपाल कौशिक को थाम्बा चौधरी की पगड़ी पहनाकर समाज की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाजहित में कार्य करने की शपथ ली। समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि खाप पंचायतों का मूल उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा और सामूहिक समाधान की परंपरा को जीवित रखना है। पूर्व में खाप के निर्णयों से अनेक विवाद बिना कोर्ट-कचहरी के ही सुलझ जाते थे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार को बर्बादी की ओर ले जाता है। । खेकड़ा समाज की ओर से सभी आगंतुक खाप चौधरियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कश्यप समाज के चौधरी बबली कश्यप ने की, जबकि संचालन डॉ. जगपाल सिंह तेवतिया ने किया।
वीरांगना नीरा आर्य की स्मृति को मिला सम्मान
समारोह के दौरान खेकड़ा की गौरवशाली बेटी एवं आजाद हिंद फौज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की रानी झांसी रेजीमेंट की वीरांगना नीरा आर्य पर आधारित पुस्तक “नीरा आर्य — एक अद्भुत वीरांगना” का विमोचन किया गया। पुस्तक का लोकार्पण चौधरी नरेश टिकैत ने किया। इस अवसर पर लेखक प्रोफेसर मदन मोहन तथा साहित्यकार तेजपाल आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रागनी गायन ने बांधा समां
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश व हरियाणा से आए रागनी कलाकारों ने रामायण, महाभारत और पौराणिक कथाओं पर आधारित प्रस्तुतियों से वातावरण को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। रागनियों ने अतिथियों के आगमन तक श्रोताओं को कार्यक्रम से जोड़े रखा।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, किसान नेता युद्धवीर सिंह, नगरपालिका चेयरपर्सन नीलम धामा, प्रतिनिधि सुनील धामा, पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित, पुरा महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी पं. जयभगवान शर्मा, जाट समाज जिलाध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, गन्ना समिति चेयरमैन कृष्णपाल सिंह, जाट महासभा के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र धामा, धामा खाप चौधरी जितेंद्र सिंह, भाकियू जिला प्रभारी विनोद कुमार, कोऑपरेटिव बैंक समिति के पूर्व चेयरमैन हरेंद्र चौधरी, धनकड़ खाप के बिजेंद्र चौधरी, दांघड़ खाप के चौधरी श्याम सिंह, सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान, श्योराण खाप के परमेन्द्र आर्य, उज्ज्वल खाप के गुलबीर सिंह, गठवाला खाप के प्रतिनिधि, खेकड़ा युवक मंच अध्यक्ष अनुज कौशिक, निराकार ज्योति मंदिर जींद के महंत सुखबीर दास महाराज, भाजपा नेता नीरज शर्मा, विकास धामा, नरेंद्र शर्मा, सभासद राजेंद्र यादव, पंकज शर्मा, संजय बक्शी, नरेंद्र धामा, संजय धामा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button