बागपत
वार्ड 6 से जिला पंचायत सदस्य पद के भावी प्रत्याशी सतेंद्र सारोहा ने हवन-यज्ञ के साथ चुनावी अभियान का किया शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। वार्ड संख्या 6 से जिला पंचायत सदस्य पद के भावी प्रत्याशी सतेंद्र सारोहा ने धार्मिक अनुष्ठान हवन-यज्ञ के आयोजन के साथ अपने चुनावी अभियान का विधिवत शुभारंभ कर दिया। इस अवसर पर उन्होंने ईश्वर से जनसेवा, क्षेत्र की उन्नति और निष्पक्ष चुनाव की कामना की। हवन-यज्ञ के दौरान मंत्रोच्चारण और आहुति के साथ पूरे वातावरण में धार्मिक और सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
कार्यक्रम में आलोक शास्त्री (प्रभारी, हिन्दू युवा वाहिनी), सुरेंद्र मलानिया (जिला मीडिया प्रभारी, हिन्दू युवा वाहिनी), मोनू जैन, मनोज कटारिया सहित अनेक गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने भावी प्रत्याशी सतेंद्र सारोहा को शुभकामनाएं देते हुए उनके चुनावी अभियान को मजबूती से आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर गांव शाबगा की पट्टी निवासियों ने भी एकजुट होकर सतेंद्र सारोहा के समर्थन की घोषणा की। ग्रामीणों ने कहा कि सतेंद्र सारोहा क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और उनके नेतृत्व में वार्ड के विकास को नई दिशा मिलेगी। पट्टी निवासियों ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर उनके प्रयासों की सराहना करते हुए पूर्ण समर्थन देने का वायदा किया।
भावी प्रत्याशी सतेंद्र सारोहा ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे वार्ड 6 की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि जनसेवा और क्षेत्र का समग्र विकास है।
कार्यक्रम के अंत में आपसी संवाद और जनसंपर्क के माध्यम से चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। हवन-यज्ञ के साथ शुरू हुआ यह अभियान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों में आगामी चुनाव को लेकर उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।



