गोड्डा
बलबड्डा थाना के नए भवन का मंत्री ने विधिवत किया उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा/मेहरमा : बलबड्डा थाना क्षेत्र के लोगों को अब एक सशक्त और सुव्यवस्थित थाना भवन की सुविधा मिल गई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मंगलवार को बलबड्डा थाना के नवनिर्मित भवन का फीता काट कर विधिवत उद्घाटन किया। इसके उपरांत उन्होंने पूजा-अर्चना कर और नारियल फोड़कर भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुरक्षा और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बलबड्डा जैसे सुदूरवर्ती इलाके में एक नए थाना भवन की स्थापना से न केवल कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुविधाओं सहित लोगों को समय पर न्याय भी मिल सकेगा। वहीं उद्घाटन के पश्चात मंत्री सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं अन्य सभी ने भवन का निरीक्षण किया और इसके उपयोग को लेकर संतोष जताया। बताया गया कि भवन का निर्माण राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत किया गया है। परिसर में पूछताछ कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, लॉकअप, रिकॉर्ड कक्ष, वेंटिलेशन और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। भवन को आधुनिक सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने जनता से अपील किया कि वे प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें और कानून व्यवस्था को बनाए रखने में भागीदार बनें। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार, बलबड्डा थाना प्रभारी अमित मार्की, मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर समेत जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के तमाम वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।



