कांवड़ यात्रा के दौरान सभी दुकानों पर लगे नेम प्लेट: महेंद्र दास महाराज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। सिद्ध पीठ संकट मोचन हनुमान श्री बालाजी एवं शनि शक्तिपीठ शनि धाम मंदिर के महामंडलेश्वर शनि पीठाधीश्वर महंत महेंद्र दास महाराज ने जिला प्रशासन से महत्वपूर्ण मांग की है। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट नवीन श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा।
महामंडलेश्वर ने कहा कि बाबा औघड़नाथ मंदिर एक प्रमुख पीठ मंदिर है। सावन महीने में लाखों श्रद्धालु यहां आस्था का जल लेकर आते हैं। मंदिर मार्ग पर कई प्रमुख मंदिर स्थित हैं। इनमें हनुमान श्री बालाजी मंदिर, शनि धाम मंदिर, मां शाकुंभरी देवी मंदिर और अन्य शामिल हैं। मंदिर मार्ग पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों में लहसुन-प्याज के प्रयोग से धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई है। महामंडलेश्वर ने मांग की है कि सभी दुकानों पर नेम प्लेट लगाई जाएं। इससे ग्राहकों को यह जानने में मदद मिलेगी कि कौन सी दुकान शाकाहारी है और कौन सी मांसाहारी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एक आदेश में कहा है कि दुकानदारों को अपनी पहचान बताने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें केवल यह स्पष्ट करना होगा कि वे किस प्रकार का भोजन परोस रहे हैं। जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए हैं। यात्रा मार्ग पर शाकाहारी भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही स्वच्छता और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।


