गोड्डा

ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़

चार मोटरसाइकिल बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो  
महागामा। ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले की जानकारी महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी 2026 को राहुल कुमार झा की अपाची मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में ठाकुरगंगटी थाना कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के द्वारा एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल के द्वारा घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। जिसके आधार पर रूंजी गांव निवासी गुलाम रसूल के 30 वर्षीय पुत्र मो. सफीक मंसूर उर्फ कैला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों बसता गांव निवासी उमेश यादव के पुत्र सोहित कुमार यादव दोनों थाना ठाकुरगंगटी के अलावा अन्य साथियों के साथ मिलकर ठाकुरगंगटी, मेहरमा, बोआरीजोर समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में हटिया बाजार, भीड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें एक टी.वी.एस अपाची (रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 18एम 4650), एक होंडा एसपी बिना नंबर प्लेट तथा दो हीरो स्प्लेंडर प्लस बिना नंबर प्लेट शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। टीम में ठाकुरगंगटी थाना प्रभारी राजन कुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक अमन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अशोक वर्मा, सशस्त्र बल ठाकुरगंगटी थाना शामिल थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button