जालौन
विटामिन-ए सघन अभियान शुरू — जालौन में 2 लाख से अधिक बच्चों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन : जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बुधवार को महिला चिकित्सालय परिसर में 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर सघन पूरक विटामिन-ए अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान आगामी एक माह तक चलेगा, जिसमें 2,01,007 बच्चों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विटामिन-ए बच्चों को रतौंधी और संक्रमणों से बचाता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता को मज़बूत करता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.डी. शर्मा ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को समय पर टीकाकरण दिलाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. देवेन्द्र भिटोरिया ने बताया कि 9-12 माह के बच्चों को 1 एमएल और 1-5 वर्ष के बच्चों को 2 एमएल विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। वहीं, यूनिसेफ प्रतिनिधि, विशेषज्ञ डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों ने पोषण, स्तनपान और सुरक्षित मातृत्व की जानकारी साझा की।
सीएमओ ने अभियान में सहभागिता के लिए सभी का आभार जताया और जिलेवासियों से बच्चों को नजदीकी केंद्र पर लाकर विटामिन-ए की खुराक दिलाने की अपील की।

