मुरादाबाद
व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने पहुंचे पालिकाध्यक्ष को घेरा, अतिक्रमण हटाओ अभियान रुका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा नगर के शगुन चौराहा पर अतिक्रमण हटाने पहुंची पालिका की टीम को जबरदस्त विरोध के चलते बैरंग लौटना पड़ गया। इस दौरान व्यापारियों ने पालिकाध्यक्ष इरफान सैफी का घेराव पर जमकर हंगामा किया और उन पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। पालिकाध्यक्ष ने दो टूक कहा कि उपजिलाधिकारी के आदेश पर अभियान शुरू हुआ है और यह नहीं रुकेगा, व्यापारी स्वयं ही अतिक्रमण हटा ले इसके लिए उन्हें समय दिया जा रहा है।
पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान पूरे शहर में जल भराव से व्यापारियों को करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया था। व्यापारियों के गुस्से को शांत करने के लिए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इरफान सैफी पालिका की टीम के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए शगुन चौराहा पर पहुंच गए। जैसे ही अतिक्रमण हटाना शुरू किया, बहुत बड़ी संख्या में व्यापारी एकत्र हो गए और पालिकाध्यक्ष पर पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हर बार शगुन चौराहा से ही अतिक्रमण हटाने का अभियान क्यों शुरू किया जाता है। पीछे से भी अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए। व्यापारियों विजय कुमार, अनमोल गुप्ता आदि के जबरदस्त विरोध को देखते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थगित कर टीम बैरंग लौट गई। लेकिन इस दौरान पालिका अध्यक्ष इरफान सैफी ने कहा कि उप जिलाधिकारी प्रीति सिंह के आदेश पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान रुकने वाला नहीं है व्यापारियों का नुकसान न होने पाए और सुविधा पूर्वक व्यापारी अपना अतिक्रमण हटा ले इसके लिए उन्हें एक दिन का समय दिया जा रहा है।



