शामली
छत के ऊपर बिजली का तार डालने को लेकर विवाद, महिला से मारपीट का आरोप
विरोध करने पर गला दबाकर जान लेने के प्रयास का आरोप, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला, शामली। मकान की छत के ऊपर से बिजली का तार ले जाने का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। गांव भनेड़ा में तार डालने को लेकर हुए विवाद में महिला के साथ मारपीट करने और गला दबाकर जान लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। घायल महिला को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव भनेड़ा निवासी गुलाब ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में रहने वाले तीन लोग मकान की छत के ऊपर से विद्युत तार ले जा रहे थे। गुलाब की मां विमला ने इस पर आपत्ति जताते हुए तार लगाने से मना किया। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर पड़ोसियों ने विमला के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनका गला दबाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। मारपीट में विमला घायल हो गईं।
घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि घायल महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
