
एएसपी ने मौके पर रुककर घायलों को पहुंचाया जिला अस्पताल, पुलिस ने कार्रवाई की कही बात
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। सिसाना गांव स्थित हाईवे पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कार्पियो सवारियों से भरी एक ई-रिक्शा पर पलट गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
ग्राम सिसाना निवासी सोनू ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सिसाना गांव स्थित हाईवे पर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। स्कार्पियो डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर चल रही सवारियों से भरी ई-रिक्शा के ऊपर पलट गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने हादसा देखा तो अपनी टीम के साथ मौके पर रुक गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मदद से घायलों को तत्काल वाहनों के जरिए उपचार के लिए जिला अस्पताल बागपत भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
कोतवाली बागपत प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि हादसे के संबंध में तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।


