ललितपुर
मनरेगा बचाओ आंदोलन
लखनऊ जाते कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी, लोकतंत्र पर हमला : कांग्रेस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मनरेगा बचाओ कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ता ललितपुर से लखनऊ विधानसभा घेराव के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान ललितपुर कोतवाली पुलिस ने कांग्रेसजनों का पीछा करते हुए लखनऊ में छावनी परिषद क्षेत्र से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनहित के मुद्दों पर उठने वाली आवाज को दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसे रोजगारपरक कार्यक्रम को कमजोर करने के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराने जा रहे कांग्रेस जनों की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस सरकार की तानाशाही से लोकतंत्र को खत्म नहीं किया जा सकता। हम कांग्रेसी जब तक जीवित हैं और जब तक सांस है, तब तक इस तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। जब-जब सरकार डरती है, तब-तब पुलिस को आगे कर देती है नेताओं ने कहा। गिरफ्तार किए गए कांग्रेस जनों में प्रदेश सचिव बलवंत सिंह राजपूत, पिछड़ा वर्ग प्रदेश महासचिव पवन विश्वकर्मा, महिला जिलाध्यक्ष नेहा तिवारी, पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष रामभरोसे कुशवाहा, सुनील कुमार राय सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मनरेगा और आम जनता के अधिकारों पर हमले नहीं रुके, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।