अमरोहा
अमरोहा में चौथी कक्षा के छात्र की मौत
स्कूल में तेज बुखार आने से गई जान, परिजनों ने किया अंतिम संस्कार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : रहरा थाना क्षेत्र के खैलिया पट्टी गांव में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहां चौथी कक्षा के 10 वर्षीय छात्र राजू की तेज बुखार के कारण मौत हो गई। राजू खुर्तिया गांव स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ता था। मृतक के पिता लालसिंह ने बताया कि मंगलवार को राजू स्कूल गया था। वहां अचानक उसे तेज बुखार आ गया। स्कूल स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी।इसके बाद वे राजू को घर ले आए। बच्चे की बिगड़ती हालत देखकर उसे तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालांकि, राजू की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर संभल रेफर कर दिया। देर शाम संभल पहुंचते ही चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया।राजू अपने चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। परिवार इस दुखद घटना के बाद सदमे में है। बुधवार की सुबह परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्यवाही के अंतिम संस्कार कर दिया। राजू की मां पुष्पा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि राजू पढ़ाई-लिखाई में बहुत होनहार था। इस असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।



