एसडीएस कॉन्वेंट स्कूल में मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विद्यार्थियों ने अर्पित की पुष्पांजलि, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। एसडीएस कॉन्वेंट स्कूल में शनिवार को भारत के लौह पुरुष एवं प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन डॉ. लोकेश तोमर, प्रबंधक श्रीपाल सिंह चौहान, प्रधानाचार्य सतीश कुमार, आकाश तोमर, चेतना भारद्वाज और प्रदीप कुमार ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। छात्र-छात्राओं ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।इस दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी भाईचारे, अनुशासन, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। चेयरमैन डॉ. लोकेश तोमर और प्रबंधक श्रीपाल सिंह चौहान ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
