बेतुल
बैतूल में आप ने किया उग्र प्रदर्शन, दलबदलु नेताओं के फूंके पुतले
अशोक मित्तल, संदीप पाठक, राघव चड्ढा सहित 7 नेताओं पर गंभीर आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। दल-बदल की राजनीति के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सीधे मोर्चा खोल दिया। सोमवार को नेहरू पार्क में आप कार्यकर्ताओं ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए सात नेताओं के पुतले दहन कर उग्र विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में अशोक मित्तल, संदीप पाठक, राघव चड्ढा, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह और राजेंद्र गुप्ता पर सत्ता के लालच में पार्टी के सिद्धांतों से समझौता करने का आरोप लगाया गया। कार्यकर्ताओं ने इसे जनता के विश्वास के साथ धोखा करार दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सोनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। उनके साथ नर्मदापुरम के मीडिया प्रभारी मुकेश गायकवाड़ और संगठन मंत्री ईश्वरदास साबले भी मौजूद रहे।
अजय सोनी ने कहा कि इस तरह की दलबदल की राजनीति लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करती है। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि जनादेश का अपमान करने वाले नेताओं को आने वाले समय में जनता करारा जवाब देगी और आप अपने सिद्धांतों पर अडिग रहते हुए दलबदल के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।




