गोड्डा
पथरगामा सीएचसी में शोक सभा आयोजित
विमान दुर्घटना में दिवंगत चिकित्सक डॉ. विकास को श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान के निर्देश पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विमान दुर्घटना में दिवंगत चिकित्सक डॉ. विकास के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। जानकारी के अनुसार, डॉ. विकास की एक दिन पूर्व चतरा में हुई विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनके निधन की खबर से स्वास्थ्य विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोक सभा में उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान ने कहा कि डॉ. विकास एक समर्पित, कर्मठ एवं संवेदनशील चिकित्सक थे। उन्होंने अपने सेवाकाल में मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखते हुए मानवता की सच्ची मिसाल पेश की। उनके निधन से स्वास्थ्य विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि डॉ. विकास की कमी हमेशा महसूस की जाएगी, लेकिन उनकी सेवा भावना और कार्यशैली सभी स्वास्थ्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
शोक सभा के दौरान अस्पताल परिसर का वातावरण अत्यंत भावुक रहा। उपस्थित डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। शोक सभा में अस्पताल के सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।दिवंगत चिकित्सक के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त किया।



