एमआईईटी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई जोन-1 शूटिंग प्रतियोगिता का भव्य आगाज
22 जिलों के 72 विद्यालयों से 286 प्रतिभागियों ने पहले दिन दिखाया निशानेबाजी का कौशल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को सीबीएसई जोन-1 चार दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में चेयरमैन विष्णु शरण, प्रिंसिपल रूपाली सहगल, वाइस प्रिंसिपल एकता सक्सेना, सीबीएसई पर्यवेक्षक नरेश कुमार व खेल सचिव विजित चौधरी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
पहले दिन 22 जिलों के 72 विद्यालयों से आए कुल 286 प्रतिभागियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में 10 मीटर एयर राइफल व एयर पिस्टल स्पर्धाओं में अपना कौशल दिखाया। एयर राइफल में तुलास इंटरनेशनल स्कूल देहरादून के आदित्य कुमार ने 400 में से 393, डीपीएस सहारनपुर के आरव सैनी ने 388 अंक हासिल किए। वहीं, एयर पिस्टल में आशा मॉडर्न स्कूल की विर्धिका त्यागी ने 383 स्कोर कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता सचिव विजित चौधरी के अनुसार प्रतियोगिता में उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 39 जिलों से कुल 252 विद्यालयों के खिलाड़ी भाग लेंगे। अब तक सीबीएसई की वेबसाइट पर 1200 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। प्रतियोगिता के विजेता छात्र सीबीएसई नेशनल में प्रवेश पाएंगे।
स्कूल परिसर में स्थापित दो अत्याधुनिक शूटिंग रेंज और डिजिटल स्विस स्कोरिंग सिस्टम ने आयोजन को तकनीकी रूप से सशक्त और पारदर्शी बनाया है। पर्यवेक्षक नरेश कुमार ने मेरठ जोन की उच्चतम भागीदारी को सराहा।
इस अवसर पर विभिन्न कोच, अधिकारी और आयोजन टीम के सदस्य—आकाश, स्वाति यादव, गौरव, किरन, रोहित पटेल, अजय चौधरी आदि उपस्थित रहे।



