रतनपुर में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, मिलन स्टार महेशपुर ने पहला मुकाबला जीता
A grand three-day football tournament was inaugurated in Ratanpur; Milan Star Maheshpur won the first match.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के महेशपुर प्रखण्ड अन्तर्गत पंचायत शिवरामपुर के ग्राम रतनपुर स्थित एभेन क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा युवा मोर्चा के प्रखण्ड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन मुख्य अतिथि के रूप में तथा प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने फुटबॉल को आसमान में किक मारकर प्रतियोगिता के पहले मुकाबले का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन मैच एफसी बादोली बायार और एफसी मिलन स्टार महेशपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय तक कोई भी टीम बढ़त नहीं बना सकी, जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट के जरिए निर्णय हुआ। पेनाल्टी में एफसी मिलन स्टार महेशपुर ने एक गोल से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। एभेन क्लब के अध्यक्ष महेश सोरेन ने बताया कि प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के विजेता को 1 लाख रुपये नगद तथा उपविजेता को 80 हजार रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। फाइनल मैच के दिन खेल प्रेमियों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलकूद कार्यक्रमों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोकप्रिय युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खेलों के प्रति संवेदनशील हैं और झारखंड में खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रखंड उपाध्यक्ष बुदल यादव, मुन्ना प्यारेलाल मुर्मू, ग्राम प्रधान बुद्दीलाल मरांडी, बाबुधन मरांडी, मुख्तार अंसारी, अरुण मरांडी, अभिषेक किस्कू, हरिन्द्र मुर्मू, बेंजामिन हेंब्रम, एनोस मरांडी, सुभाष मरांडी, अर्जुन मरांडी, पाउल सोरेन, प्रेम मुर्मू सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता, एभेन क्लब के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।



