ललितपुर
हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
आरोपी नरेंद्र कड़ंकी गिरफ्तार, लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए हर्ष फायरिंग के एक वीडियो ने जनपद ललितपुर पुलिस को हरकत में ला दिया। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नरेंद्र जैन कड़ंकी उर्फ पहलवान को 32 बोर की एक लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 125 बीएनएस, शस्त्र अधिनियम की धारा 30(ए), एवं सीएलए एक्ट की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी अनुराग अवस्थी व उनकी टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। आरोपी को नियमानुसार हिरासत में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। जनपद ललितपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार के मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना का पूरा विवरण
पहली अगस्त को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति को खुलेआम हर्ष फायरिंग करते हुए देखा गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली ललितपुर पुलिस ने तत्काल छानबीन शुरू की और आरोपी की पहचान नरेंद्र जैन कड़ंकी उर्फ पहलवान (उम्र लगभग 48 वर्ष, निवासी वाटर वक्र्स के सामने, कोतवाली ललितपुर) के रूप में की।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी
02 अगस्त को आरोपी को कैलगुवां चौराहा, ललितपुर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक अदद 32 बोर की लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद की गई। आरोपी के हथियार के लाइसेंस के निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।



