ललितपुर
रोड़ा गांव में दबंगों ने युवक को लाठी से पीटा, सिर में आई गंभीर चोट
गाली-गलौज का विरोध करने पर दो भाइयों ने किया हमला, जान से मारने की धमकी दी
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली अंतर्गत ग्राम रोड़ा में आपसी विवाद के चलते दो भाइयों ने एक युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए उस पर लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम रोड़ा निवासी रहीश कुमार पुत्र जनु कुमार ने पुलिस को दी लिखित तहरीर में बताया कि रविवार, 8 मार्च की रात करीब 10 बजे वह अपने गांव में ही था। इसी दौरान गांव के ही निवासी कैलाश और उसके बड़े भाई राजधर पुत्रगण कुन्जा वहां आए और बिना किसी ठोस कारण के अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे। पीडि़त ने बताया कि गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। कैलाश और राजधर ने मिलकर मारपीट की और सिर पर लाठी से जोरदार प्रहार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर घायल हो गया। वादी का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पीडित की तहरीर पर पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।



