बरेली

पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली, नवरात्र में दिया नारी शक्ति का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत बरेली पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों ने शनिवार को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जब खाकी वर्दी में महिला पुलिसकर्मी आगे आईं तो समाज के विभिन्न वर्गों तक महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश पहुंचाया जा सका।
जागरूकता रैली को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बरेली जोन रमित शर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी।
रैली में महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, समाजसेवी तथा आम नागरिक भी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) अकमल खान, सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम आशुतोष, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम आशुतोष शिवम, क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय पंकज श्रीवास्तव एवं सहायक पुलिस अधीक्षक अंजना दहिया ने भी सक्रिय सहभागिता की।
एडीजी बोले- हेल्पलाइन उपयोग कर सुरक्षित बने नारी शक्ति
एडीजी जोन रमित शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक जागरूकता आंदोलन है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानित एवं आत्मनिर्भर बनाना है। पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में वूमेन पावर लाइन 1090, इमरजेंसी सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 102/108 एवं फायर सेवा 101 का उपयोग करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button