गोड्डा
मिस्त्री व जमादार की मिलीभगत से मोटर को खोल कर ले गये : ग्रामीण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 गुदिया में लगाए गए सबमर्सिबल चापाकल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि नगर पंचायत के मिस्त्री और जमादार की मिलीभगत से सबमर्सिबल की मोटर को खोलकर कहीं और ले जाया गया है, जबकि मोटर बिलकुल सही स्थिति में थी और चापाकल से लगातार पानी भी मिल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्हें सबमर्सिबल बंद मिलने की जानकारी हुई तो उन्होंने नगर पंचायत के संबंधित कर्मियों से फोन पर संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब “ऊपर से किसी के आदेश” पर किया गया या किसी निजी लाभ के लिए मोटर को निकालकर बेच दिया गया इस पर संदेह बना हुआ है।ग्रामीणों ने बताया कि मोटर बिना किसी तकनीकी खराबी के हटा दी गई, जबकि इससे पूरे वार्ड के लोग पानी भरते थे। अचानक मोटर गायब होने से क्षेत्र में पानी की गंभीर किल्लत पैदा हो गई है।ग्रामीणों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि मोटर क्यों खोली गई?किसके आदेश पर मशीन हटाई गई?मोटर को कहां ले जाया गया?
इन सभी सवालों पर नगर पंचायत को जवाब देना होगा।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मोटर पुनः लगाकर जल आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।अंत में सभी ग्रामीणों ने कार्यपालक पदाधिकारी से आग्रह किया है कि वे इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करें और पानी की समस्या को जल्द से जल्द दूर करें।




