गोड्डा
ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के डीसी ने दिए निर्देश
ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन एवं निर्वाचन आयोग के मानकों का लिया जायजा
गोड्डा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था एवं निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त द्वारा ईवीएम वेयरहाउस परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा उपकरणों की स्थिति, बैलट यूनिट एवं कंट्रोल यूनिट हॉल की सुरक्षा, परिसर की साफ-सफाई तथा रख-रखाव संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की। इसके अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा सुरक्षा में प्रतिनियुक्त बलों के लॉग बुक का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी के नियमित संधारण एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई। उन्होंने अग्निशमन व्यवस्था, वेयरहाउस के कमरों की सीलिंग, डबल लॉक सिस्टम तथा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि ईवीएम वेयरहाउस निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी सुरक्षा, गोपनीयता एवं रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा बलों को अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति पूर्ण सजगता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वेयरहाउस परिसर में नियमित निगरानी बनाए रखने, सभी सुरक्षा उपकरणों को सतत क्रियाशील रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी-सह-उप निर्वाचन पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, निर्वाचन कार्यालय के कर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



