अमरोहा
सड़क पर अतिक्रमण से परेशान ग्रामीण
आरा मिल संचालकों के वाहनों से आवागमन बाधित, थाने के गेट पर किया प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद के सैद नंगली स्थित सकतपुर रोड पर आरा मिल संचालकों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण से स्थानीय लोग परेशान हैं। आरा मिल संचालक सड़क पर लकड़ी से भरी ट्रॉली, ट्रक और अन्य वाहनों को खड़ा कर रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, आरा मिल के पास लकड़ी भरने का कार्य सड़क पर ही किया जाता है। साथ ही सड़क किनारे बजरी, बजरपुट आदि सामान भी खुलेआम रखा रहता है। ट्रकों से लकड़ी की लोडिंग-अनलोडिंग सीधे सड़क पर की जाती है। इससे मार्ग संकरा हो जाता है और गंदगी फैलती है।
इस अतिक्रमण से सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है। उन्हें हर दिन इन अवरोधों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। रक्षाबंधन के दिन भी इस अतिक्रमण ने लोगों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न की।ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परेशान ग्रामीणों ने सैद नंगली थाना अध्यक्ष विकास सहरावत को एक शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।प्रदर्शन में हेमराज सिंह (ग्राम प्रधान बिजनौरा), सोनू पटेल, कमल मुखिया, सुखपाल सिंह, मोनू अहलावत, मनीष, कपिल, गौरव शर्मा, दीपक कटारिया, रोहित भाटी, रामविलास भाटी, चिंटू पटेल और विकल पटेल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।



