गोड्डा

घाट मंजवारा में सालभर से सोलर जल मीनार खराब, ग्रामीण झेल रहे जल संकट

गोड्डा : प्रखंड अंतर्गत घाट मंजवारा पंचायत के नयाडीह गांव के चपोता टोली में स्थापित सोलर जलमीनार बीते एक वर्ष से खराब पड़ा है, जिससे लगभग 30-40 घरों के साथ-साथ राहगीरों को भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। यह जलमीनार नयाडीह आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित है और पहले यहां से प्रतिदिन दर्जनों परिवारों को पानी की आपूर्ति होती थी।स्थानीय ग्रामीणों—मोती मांझी, शिवनंदन मांझी, चंदन मांझी, इंदल मांझी, जनार्दन मांझी समेत अन्य ने बताया कि जलमीनार की बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि पानी की कमी के चलते उन्हें घंटों दूर जाकर निजी स्रोतों से पानी लाना पड़ता है, जिससे समय, श्रम और खर्च तीनों बढ़ गया है। ग्रामीणों की शिकायत है कि उन्होंने कई बार बीडीओ और पंचायत मुखिया को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया, मगर कोई स्थायी समाधान नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि वे सभी गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करते हैं और दिहाड़ी मजदूर हैं, जिनके लिए हर दिन का काम और समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। पानी जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सोलर जलमीनार की मरम्मत कराए जाने की मांग की है ताकि उनकी पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button